अपना दल ने जाटव आरपी गौतम को नियुक्त किया प्रदेश अध्यक्ष

लखनऊ। उत्तर प्रदेश 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में जुटे हुए हैं। एनडीए की सहयोगी अपना दल एस ने भी अपनी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। केंद्रीय मंत्री व अपना दल एस की मुखिया अनुप्रिया पटेल ने प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी है। जाटव आरपी गौतम को अपना दल (एस) उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसको लेकर पार्टी की ओर से आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेता जाटव आरपी गौतम के नाम पर मुहर लगने के बाद पार्टी और उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है।

दरअसल मई महीने के शुरुआती दिनों में अपना दल (सोनेलाल) के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राजकुमार पाल ने पद और पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। राजकुमार पाल ने पार्टी पर खुद की उपेक्षा और विचारधारा से भटकने का आरोप लगाया था। साथ ही पार्टी की अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल को पत्र भेज कर इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफा देने के बाद से अपना दल एस यूपी के प्रदेश अध्यक्ष का पद खाली चल रहा था। इसी क्रम में 29 मई को नए प्रदेश अध्यक्ष का एलान कर दिया गया है।

पार्टी की ओर से बताया गया कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी के संस्तुति पर और राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिले अनुमोदन के क्रम में जाटव आरपी गौतम को अपना दल (एस) उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष नामित किया गया है। अपना दल सोनेलाल यूपी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष जाटव आरपी गौतम मौजूदा समय में प्रदेश अध्यक्ष (सहकारिता मंच) के पद पर कार्यरत थे। वो पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं।

राजकुमार पाल के पद से इस्तीफा देने के बाद से जाटव आरपी गौतम को प्रदेश अध्यक्ष मिलने की संभावनाएं जताई जा रही थी। गुरुवार को उनके नाम पर फाइनल मुहर लग गई है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद से उनके सामने कई बड़ी चुनौतियां भी है। पार्टी को एकजुट करते हुए जनाधार बढ़ाने के साथ ही साल 2026 में होने वाले पंचायत चुनाव में पार्टी बेहतरीन प्रदर्शन करे, इसकी जिम्मेदारी भी उनके कंधों पर होगी।

पंचायत चुनाव में अपना दल एस अकेले दम पर चुनावी मैदान में उतरेगी। ऐसे में पार्टी ज्यादा से ज्यादा सीट सके जाटव आरपी सिंह के लिए बड़ा चैलेंज होगा। पंचायत चुनाव आगामी विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है। वहीं अपना दल एस के नेता संजीव सिंह राठौर ने बताया कि जाटव आरपी सिंह समाज से जुड़े हुए एक बड़े नेता है। उन्होंने पार्टी को मजबूत करने में कंधे से कंधा मिलाकर काम किया है, उसी का आज उन्हें इनाम मिला है। उन्होंने बताया कि जाटव आरपी गौतम को प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने से पार्टी में खुशी की लहर है। वहीं पार्टी ने उनके नाम पर मुहर लगाकर जाटव समाज को साधने की कोशिश की है।

Related Articles

Back to top button