24 घंटे के मॉनसून सत्र पर अखिलेश यादव ने साधा निशाना

लखनऊ। यूपी विधानसभा में पहली बार ऐसा हुआ कि किसी मुद्दे पर 24 घंटे तक सदन चला। ‘विकसित भारत, विकसित यूपी विजन डॉक्‍यूमेंट 2047’ पर लगातार चर्चा चली। इस बीच, सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने मंत्री स्‍वतंत्रदेव सिंह के सोने का वीडियो शेयर कर योगी सरकार पर तंज कसा है। उन्‍होंने इसे सोती सरकार करार दिया। साथ ही, लोगों से 24 घंटे सदन चलाने के पीछे का तर्क भी पूछा है।

अखिलेश यादव ने सदन से जुड़े दो वीडियो शेयर किए हैं। एक वीडियो में स्‍वतंत्रदेव सिंह सोते नजर आ रहे हैं तो दूसरे में सपा समेत अन्‍य नेताओं की सेल्‍फी है जिसमें वे जागते नजर आ रहे। सेल्‍फी शेयर करते हुए अखिलेश ने लिखा है- ‘सोती रही सरकार, जागता रहा विपक्ष! भाजपा ने 24 घंटे का सदन चलाकर साबित कर दिया है कि वो प्रदेश चलाने में कितना पिछड़ गये हैं, इसीलिए चौबीसों घंटे काम करने की बात कर रहे हैं। भाजपा सरकार बताए कि उसके मुखिया से लेकर मंत्री व कितने विधायक चौबीसों घंटे उपस्थित रहे।

अखिलेश ने आगे लिखा है- ‘जनता 24 घंटे सदन चलाने के पीछे का तर्क पूछ रही है। दिन घटा के और घंटे बढ़ाकर सरकार क्या हासिल करना चाहती है। भाजपा कम-से-कम सदन को तो अपनी इवेंटबाजी से दूर ही रखे। रात भर जागकर भाजपाई ख़ुद को क्या साबित करना चाहते हैं?’ अखिलेश यादव ने इससे पहले भाजपा सरकार की नीतियों पर हमला बोला। उन्‍होंने कहा कि भाजपा सरकार की नफरत और भेदभाव की राजनीति से जनता में भारी आक्रोश है। इस सरकार में अन्याय, अत्याचार चरम पर है और किसी को न्याय नहीं मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button