आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल हुए धोनी

नई दिल्ली। क्रिकेट के इतिहास में एक और सुनहरा अध्याय जुड़ गया जब महेंद्र सिंह धोनी, भारत के पूर्व कप्तान और अपने युग के सबसे प्रतिष्ठित क्रिकेटरों में से एक, को ICC हॉल ऑफ फेम में आधिकारिक रूप से शामिल किया गया। यह सम्मान लंदन में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया गया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के साथ, धोनी ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले 11वें भारतीय क्रिकेटर (और 9वें भारतीय पुरुष खिलाड़ी) बन गए हैं। यह सम्मान उन्हें खेल के प्रति उनके अद्वितीय योगदान के लिए दिया गया।

एमएस धोनी ने सम्मान प्राप्त करने के बाद कहा, “आईसीसी हॉल ऑफ फेम में नामित होना सम्मान की बात है, जो दुनिया भर के विभिन्न पीढ़ियों के क्रिकेटरों के योगदान को मान्यता देता है ऐसे सर्वकालिक महान खिलाड़ियों के साथ अपना नाम देखना एक अद्भुत एहसास है. यह कुछ ऐसा है जिसे मैं हमेशा संजो कर रखूंगा।

ICC की ओर से हर साल विश्व क्रिकेट के कई महान खिलाड़ियों को हॉल ऑफ फेम में जगह दी जाती है। क्रिकेट विरासत को संजोने, आने वाली पीढ़ी के क्रिकेटर्स को प्रेरित करने और इस खेल को ऊंचाईयों पर पहुंचाने वाले दिग्गजों को सम्मानित करने के लिए ICC ने 2009 में इसकी शुरुआत की थी। तब से हर साल ICC की ओर से ये खास आयोजन किया जाता है। इस बार लंदन में WTC Final से ठीक पहले इसका आयोजन हुआ और उसमें 7 दिग्गजों को शामिल किया गया।

2004 में अपना इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले और 2007 में पहली बार भारतीय टीम की कमान संभालने वाले धोनी को उनकी शानदार कप्तानी, यादगार करियर और क्रिकेट में योगदान के लिए ये सम्मान दिया गया। भारत के लिए 500 से ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाले धोनी ने टीम इंडिया को 2007 में टी20 वर्ल्ड कप, 2011 में वनडे वर्ल्ड कप और 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जिताया था। इसके अलावा वो टीम इंडिया को टेस्ट क्रिकेट में नंबर एक रैंक तक भी ले गए थे।

Related Articles

Back to top button