
सर्दियों में खुद को गर्म रखने के लिए हम तरह-तरह के उपाय करते हैं। इसके लिए हम अपने खानपान में बदलाव करते हैं, गर्म कपड़े पहनते हैं और हीटर आदि का प्रयोग भी करते हैं। इसके अलावा, सर्दियों में शरीर को फिट और गर्म रखने के लिए रोजाना योगाभ्यास भी फायदेमंद माना जाता है। सर्दियों में कुछ योगासनों के नियमित अभ्यास से न सिर्फ शरीर को गर्म रखने में मदद मिलती है, बल्कि मौसमी बीमारियों से भी बचाव होता है। तो आइए, जानते हैं सर्दियों में शरीर को गर्म रखने वाले कुछ योगासनों के बारे में।
उष्ट्रासन
इस आसन को करने के लिए जमीन पर घुटने के बल बैठ जाएं और दोनों हाथों को कूल्हों पर रखें। अब गहरी सांस लेते हुए रीढ़ की निचली हड्डी पर आगे की तरफ दबाव डालें। इस दौरान पूरा दबाव नाभि पर महसूस होना चाहिए। इसके बाद अपने हाथों से पैरों को पकड़ें और कमर को पीछे की तरफ मोड़ें।। इस स्थिति में 30-60 सेकेंड रुकने के बाद आप धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में आ सकते हैं। इस प्रक्रिया को 3-5 बार दोहराएं।
सेतुबंधासन
इस आसन को करने के लिए सबसे पहले जमीन पर पीठ के बल लेट जाएं। अब अपने घुटनों को मोड़ें और तलवों को जमीन पर रखें। अपने दोनों हाथों से पैरों की एड़ियों को पकड़ें। सांस लेते हुए धीरे-धीरे अपनी बॉडी को ऊपर उठाएं। इस मुद्रा में 1-2 मिनट तक रहें। इसके बाद सांस छोड़ते हुए प्रारंभिक मुद्रा में आ जाएं। इस प्रक्रिया को 3-5 बार दोहराएं।
नौकासन
इस आसन को करने के लिए सबसे पहले योगा मैट पर बैठ जाएं। अब अपनी टांगो को सामने की तरफ फैलाएं। अपने दोनों हाथों को हिप्स से थोड़ा पीछे जमीन पर रखें। अब दोनों पैरों को सीधा रखते हुए ऊपर की तरफ उठाएं। अब धीरे-धीरे सांस को बाहर की तरफ छोड़ते हुए पैरों को जमीन से 45 डिग्री तक उठाएं। सांस लेते हुए नाव के आकार में लगभग 10 से 20 सेकंड तक रहें। इसके बाद धीरे-धीरे सांस छोड़ते हुए सामान्य मुद्रा में आएं।
सर्वांगासन
इस आसन काे करने के लिए सबसे योगा मैट पर पीठ के बल लेट जाएं। अब अपने पैराें काे ऊपर उठाएं और अपने दाेनाें हाथाें से कमर काे सहारा दें। इस दौरान अपने पैराें काे एकदम सीधा रखें। इस मुद्रा में 30-50 सेकेंड रुकने के बाद सामान्य अवस्था में आ जाएं। आप इसे 2-3 बार दाेहरा सकते हैं।