मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सैफ अली खान पर देर रात उनके मुंबई वाले घर में घुसकर चाकू से हमला हुआ। इस घटना में अभिनेता को कई गंभीर चोट आई हैं। उन्हें इलाज के लिए लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की टीम उनकी सर्जरी कर रही थी। एक गंभीर चोट रीढ़ की हड्डी के पास आई थी। हमलावर ने झगड़े के दौरान सैफ पर 6 बार चाकू से हमला किया। इस चैंकाने वाली घटना ने फैंस और फिल्मी दुनिया को चिंता में डाल दिया है। इस बीच, अस्पताल से सैफ की हालत को लेकर डॉक्टर ने बयान जारी किया है और ताजा अपडेट शेयर की है।
मिली जानकारी के अनुसार, उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। सैफ शुक्रवार को डिस्चार्ज हो जाएंगे। वो फिलहाल खतरे से बाहर हैं। डॉक्टर ने बताया कि उनके हाथ और गर्दन पर चोट लगी है। उनकी स्पाइन के पास चाकू का हिस्सा फंसा था। 2.5 इंच का चाकू का टुकड़ा स्पाइन के पास फंसा था, उसे सर्जरी से निकाला गया है। इसके पहले बताया गया था कि सैफ की न्यूरो सर्जरी हो गई है। उनके शरीर से दो से तीन इंच लंबा शार्प ऑब्जेक्ट निकाला गया। यह चाकू का ही हिस्सा बताया जा रहा है।
इस हमले में सैफ अली खान की हाउस हेल्प भी घायल हुई हैं। हाउस हेल्प को मामूली चोटें आई हैं। सूत्रों का कहना है कि घर में एक डक्ट थी, जो बेडरूम के भीतर खुलती थी। शुरुआती जांच में पता चला है कि ऐसी संभावना है कि इसी डक्ट से चोर घर में घुसे थे। अस्पताल के सीईओ ने पहले कहा था कि एक्टर को सुबह 3-3ः30 बजे 6 चोटों के साथ भर्ती कराया गया था, जिसमें से एक चोट उनकी रीढ़ के बहुत करीब थी।
लीलावती अस्पताल के सीईओ नीरज उत्तमानी ने कहा कि सैफ अली खान को सुबह 3ः30 बजे लीलावती अस्पताल लाया गया। उन्हें 6 चोटें हैं जिनमें से दो गहरी हैं। एक चोट उनकी रीढ़ की हड्डी के पास है। पुलिस ने भी अपने बयान में साफ कर दिया है कि हमलावर चोरी करने की मंशा से घर में घुसा था और हाथापाई में सैफ को चाकू लगी।